हैदराबाद.28 दिसंबर।
वंदना.

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार अभियान के अंतर्गत आज हैदराबाद में एक महत्वपूर्ण भेंट-वार्ता संपन्न हुई। एसोसिएशन के तेलंगाना प्रदेश संयोजक एफ.एम. सलीम से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल कपूर ने हिंदी मिलाप दैनिक समाचार पत्र के कार्यालय में मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
यह भेंट विशेष रूप से तेलंगाना प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर की गई। उल्लेखनीय है कि हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कार्यकारिणी का विधिवत गठन पूर्ण होने के पश्चात राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल कपूर दक्षिण भारत के विभिन्न प्रदेशों में संगठन विस्तार को गति देने के लिए सक्रिय हैं। इसी क्रम में वे तेलंगाना पहुंचे और स्थानीय पत्रकार साथियों से संवाद स्थापित किया।
भेंट-वार्ता के दौरान तेलंगाना में ग्रामीण पत्रकारों को एकजुट कर सशक्त प्रदेश कमेटी के गठन, संगठन के उद्देश्यों, पत्रकार हितों की रक्षा, प्रशिक्षण, सम्मान और सामाजिक दायित्व जैसे विषयों पर गंभीर मंथन किया गया। एफ.एम. सलीम ने तेलंगाना के विभिन्न जिलों में कार्यरत ग्रामीण पत्रकारों से संपर्क की प्रगति से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष को अवगत कराया और शीघ्र ही प्रदेश कार्यकारिणी गठन का भरोसा दिलाया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में विस्तार अभियान
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री देवी प्रसाद गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संगठन का राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार कार्यक्रम निरंतर प्रगति पर है। वर्तमान में देश के 7 प्रदेशों में विधिवत प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हो चुका है, जो सक्रिय रूप से संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। वहीं 4 अन्य प्रदेशों में प्रदेश संयोजक नियुक्त कर दिए गए हैं, जो क्षेत्रीय पत्रकारों से संपर्क कर शीघ्र ही प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अतुल कपूर ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का उद्देश्य देश के दूर-दराज क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना, उनकी समस्याओं को संगठित रूप से उठाना और पत्रकारिता की गरिमा को मजबूत करना है। संगठन आने वाले समय में प्रशिक्षण शिविर, संवाद कार्यक्रम और सम्मान समारोहों के माध्यम से पत्रकारों को और अधिक सशक्त बनाएगा।
यह भेंट-वार्ता तेलंगाना में संगठन के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे निकट भविष्य में प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर ग्रामीण पत्रकारों को एक मजबूत पहचान और संगठनात्मक शक्ति मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *