मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब मांडी में बाबा श्री चन्द महाराज के 531वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष पर 25 नवंबर को ज्योतिसर में आयोजित होने वाले राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम का दिया न्यौता



चंडीगढ़, 15 नवंबर।
सुनील कुमार जांगड़ा.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव महाराज के पुत्र बाबा श्री चन्द जी महाराज ने उनके सिद्धांतों व जीवन मूल्यों को अपनाकर उनकी मानव कल्याण की परम्परा को आगे बढ़ाया था। सरकार प्रदेश में हिन्द की चादर नवम पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में 350वें शहीदी दिवस पर 25 नवंबर को ज्योतिसर में राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पिहोवा, कुरुक्षेत्र में उदासीन श्री ब्रहम् अखाड़ा साहिब मांडी में बाबा श्री चन्द महाराज के 531वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में पहुंच कर माथा टेका। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा को उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज ने सरोपा पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानवता के महान सेवक बाबा श्री चन्द महाराज के 531वें प्रकाश उत्सव की सबको हार्दिक बधाई दी और बाबा श्री चन्द महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब श्री गुरुओं के आदर्शों को आगे बढाते हुए रक्तदान शिविर, गरीब कन्याओं का विवाह, खेलकूद प्रतियोगिताओं आदि का आयोजन करते रहते हैं। आज भी यहां खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। किसी महान आत्मा के प्रकाश उत्सव को मनाने का इससे अच्छा और कोई तरीका नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के दो पुत्रों में से ज्येष्ठ पुत्र बाबा श्री चन्द जी महाराज का ध्यान बचपन से ही भक्ति की ओर था। उन्होंने मानव कल्याण के लिए जीवन पर्यन्त अनेक कार्य किए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा श्री चन्द महाराज का अनुसरण करते हुए बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज ने समर्पण भाव व उत्साह के साथ अनेक व्यक्तियों में प्रेम, प्यार, भाईचारे, जनसेवा और जीवन में सफल होने की दृढ़ आकांक्षा को जगाया है। इस महान कार्य को अंजाम देने के लिए ही इन्होंने उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब की स्थापना की। बाबाजी ने आध्यात्मिकता का एक ऐसा मापदण्ड स्थापित किया है, जो किसी मानव के लिए अत्यंत दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब का मानव कल्याण की गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु साहिबान की ‘कर्मभूमि’ के साथ सम्बन्ध होने के कारण हमारा भी कर्त्तव्य बनता है कि हम महान गुरुओं के सद्भाव, सहनशीलता, भाईचारे और आपसी प्रेम के संदेश को अपने जीवन में उतारें। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा और सीख प्राप्त करने के लिए हम प्रदेश में उनकी जयंतियां राज्य स्तर पर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि समय की जरूरत है कि हमारी नई पीढ़ी आधुनिक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सके और वह अपनी उच्च प्राचीन संस्कृति को भी न भूले। इस दिशा में हमारे संत-महात्माओं की रचनात्मक भूमिका की देश व समाज को बड़ी जरूरत है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में अब करप्शन, क्राइम और कास्ट बेस्ड राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। संतों के आशीर्वाद से इस राजनीतिक शुचिता को सरकार हर कीमत पर बनाकर रखेगी। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है। नशा मुक्ति के इस अभियान में हमारे संत-महात्माओं से जब भी हमने मदद मांगी, हमें भरपूर सहयोग मिला है।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, मीडिया कॉर्डिनेटर तुषार सैनी, उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज, जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व साध संगत मौजूद रही।
……
शंखनाद की ध्वनि के साथ सरस व शिल्प मेले के उद्घाटन से हुआ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य शुभारंभ
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने किया शुभारंभ
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के शिल्प व सरस मेले की सबसे सुंदर शुरूआत
ढोल-नंगाड़ो, शिल्पकारों और कलाकारों का अद्भुत संगम, राज्यपाल ने स्वयं कलाकारों से की मुलाकात
चण्डीगढ़, 15 नवंबर – हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शंखनाद की ध्वनि के बीच कुरुक्षेत्र में सरस और शिल्प मेले के उद्घाटन किया और इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ।
इस सरस और शिल्प मेले के शुभारंभ के साथ ही प्रदेश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों और शिल्पकारों की खुशी का ठिकाना ना रहा। इन कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश की संस्कृति की छटा बिखेर कर उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के साथ-साथ चार चांद लगाने का काम किया। इस सरस और शिल्प मेले के साथ राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मंत्रोच्चारण के बीच महोत्सव के मीडिया सेंटर का भी उद्घाटन किया।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 में दीपशिखा प्रज्जवलित करके परंपरा अनुसार सरस और शिल्प मेले का शुभारंभ किया और श्रीमद्भगवद गीता की प्रति पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा को व्यक्त किया। इसके पश्चात राज्यपाल ने ब्रह्मसरोवर के तट पर शिल्प और सरस मेले का अवलोकन किया।
गीता का संदेश जितना पहले उपयोगी था, उतना आज भी उपयोगी
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के शुभारंभ का ऐतिहासिक अवसर है। हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र की भूमि पर भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया था। यह गीता ज्ञान उस वक्त जितना उपयोगी था, आज भी उतना ही उपयोगी है। गीता का यह संदेश युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि गीता महोत्सव न केवल कुरुक्षेत्र की भूमि पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर भी मनाया जा रहा है। आज विधिवत रूप से सरस मेले के उद्घाटन के साथ इसका शुभारंभ हुआ है।
देश और विदेशों से पहुंचेंगे लोग
राज्यपाल ने कहा कि देश और विदेश से लोग अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहुंचेंगे। इस बार भी लाखों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। इसके साथ-साथ विभिन्न प्रांतों से कलाकार, शिल्पकार, कारीगर व सामान बेचने वाले स्वयं सहायता समूह महोत्सव में पहुंचे हैं। इस मेले से लोगों को रोजगार मिलता है और हमारी संस्कृति जानने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इस शिल्प और सरस मेले की सुंदर और भव्य शुरूआत शिल्पकारों के लिए सार्थक होगी। इस ब्रहमसरोवर के पावन तट पर दूर-दराज से आने वाले लाखों पर्यटकों के लिए एक मंच पर विभिन्न राज्यों के शिल्पकारों और सरस मेले में पहुंचे सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों की कला देखने को मिलेगी। यह दृश्य पर्यटकों के लिए अदभुत और अनोखा होगा। इस मेले के लिए केडीबी और प्रशासनिक अधिकारी बधाई के पात्र है, सभी के साझे प्रयासों से इस मेले का परंपरा अनुसार आगाज हुआ है।
इस दौरान राज्यपाल ने ढोल-नंगाड़ा पार्टी, करतब दिखा रहे कलाकार, नृत्य कर रहे कलाकार और बीन पार्टी से बातचीत की। इतना ही नहीं सरस मेले में विभिन्न प्रदेशों से शिल्पकारों से उनकी शिल्पकला के बारे में विस्तार से पूछा। इन स्टॉलों पर राज्यपाल ने कुछ मिनट बिताए और शिल्पकला और सेल्फ हेल्प ग्रुप के बारे में भी जानकारी हासिल की। राज्यपाल ने इन स्टॉलों पर हाथ से बने उत्पादों की जमकर प्रशंसा की है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का आयोजन 15 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा और मुख्य कार्यक्रम 8 दिवसीय होंगे और यह कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 तक चलेंगे। इस महोत्सव में संत सम्मेलन, दीपोत्सव, गीता सेमिनार, वैश्विक गीता पाठ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेंगी और प्राचीन संस्कृति से आत्मसात होने का अनोखा अवसर भी मिलेगा।
केडीबी सीईओ श्री पंकज सेतिया ने मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीर्थ यात्रियों के लिए प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए है। इस मौके पर थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा, केयूके के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, केडीबी मानद सचिव उपेंद्र सिंघल सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
……..
खरक पूनिया में दादा बाढ़देव जी जन्मोत्सव एवं मुख्यमंत्री सम्मान समारोह आयोजित
मुख्यमंत्री ने शिक्षा एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की करी घोषणा
खरक पूनिया विद्यालय ‘संस्कृति मॉडल स्कूल’ के रूप में होगा अपग्रेड – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
दादा बाढ़देव जी ने समाज को सत्य, अनुशासन और भाईचारे को जीवन का मूल मंत्र बनाने की दी प्रेरणा
प्रदेश सरकार दादा बाढ़देव जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर निरंतर अग्रसर – नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 15 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने दादा बाढ़देव पूनिया के जन्मोत्सव व मुख्यमंत्री सम्मान समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि खरक पुनिया गांव के वर्तमान स्कूल को ‘संस्कृति मॉडल स्कूल’ के रूप में अपग्रेड किया जायेगा ताकि गांव के ही स्कूल में बच्चों को उच्च कोटि की शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने खरक पुनिया में एक सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाने के साथ-साथ यहां पर एक पुस्तकालय खोलने की भी घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने दो पुस्तकों का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री आज हिसार ज़िले के खरक पूनिया गांव में अखिल हरियाणा सर्वजातीय पूनिया समाज द्वारा दादा बाढ़देव जी पूनिया के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने दादा बाढ़देव जी को नमन करते हुए कहा कि दादा बाढ़देव जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि जब समाज संगठित और अनुशासित होता है तो हर समस्या का समाधान आसान हो जाता है। उन्होंने समाज को सदैव सत्य, अनुशासन और भाईचारे को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। दादा बाढ़देव जी ने यह भी विश्वास दिलाया कि समाज की भलाई के लिए खड़ी खाप कभी कमजोर नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूनिया खाप ने सदैव देश, समाज और जनहित को सर्वोपरि स्थान दिया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार दादा बाढ़देव जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने पूनिया खाप से आग्रह किया कि वह युवा पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करे, जिससे युवा नशे से दूर रहें और आने वाली पीढ़ियां सशक्त एवं सक्षम बन सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी अपील की कि सभी लोग युवाओं को शिक्षा, खेल और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
गत दिवस सोनीपत के बढ़खालसा में दादा कुशाल सिंह दहिया के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के साथ धर्म की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुओं के इतिहास, शिक्षाओं और बलिदान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को भव्य रूप से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 नवंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने हेतु हरियाणा आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सरकार तीव्र गति से बढ़ा रही कल्याणकारी योजनाएँ
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वर्तमान सरकार तीव्र गति से कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई-नई परियोजनाओं की स्थापना के साथ पिछले 11 वर्षों में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में युवाओं को बिना पर्ची–बिना खर्ची, पूर्णतः मेरिट के आधार पर रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित करने की प्रक्रिया प्रगतिशील है। उन्होंने कहा कि दो से तीन आईएमटी के लिए भूमि जल्द उपलब्ध हो जाएगी और इस दिशा में कार्य तेजी से जारी है।
50 वादों को पहले ही वर्ष में पूरा कर उदाहरण प्रस्तुत किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 50 वादों को पहले ही वर्ष में पूरा कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहाँ सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य गठन से पूर्व के पट्टेदारों को भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया गया है। इसके साथ ही, पंचायत एवं पालिका की भूमि पर 20 वर्षों से अधिक समय से निवासरत परिवारों को भी मालिकाना अधिकार देने का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अंग्रेज़ों के समय से लागू टैक्स (आबियाना) को पूर्णतः समाप्त कर किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता नवंबर माह से प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त, लगभग 19 लाख गरीब परिवारों की महिलाओं को हर घर–हर गृहिणी योजना के तहत प्रति माह केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, सेवा मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया, विधायक विनोद भयाणा, रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता व अनूप धानक, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, भाजपा महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू, मेयर प्रवीण पोपली, अध्यक्ष सरस डेरी ओम प्रकाश पूनिया, आशा खेदड़, अशोक सैनी सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
……
मुख्यमंत्री ने कैथल में रन फॉर यूनिटी के प्रतिभागियों का बढ़ाया हौसला
चंडीगढ़, 15 नवंबर — शनिवार सुबह एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी से कैथल तक निकाली जा रही रन फॉर यूनिटी में अचानक मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का काफिला रुका। दरअसल मुख्यमंत्री शनिवार को हिसार के गांव खरक में पूनिया खाप द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जा रहे थे। गांव कयोडक़ के निकट सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही रन फॉर यूनिटी को देखकर मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया। वे अपनी गाड़ी से उतरे और पूर्व विधायक लीला राम सहित अन्य कार्यकर्ताओं से रन फॉर यूनिटी के रूट बारे जानकारी हासिल की। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं का हाल-चाल जाना। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का हौसला भी बढ़ाया।
…….
चंडीगढ़, 15 नवम्बर – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आयुष विभाग में दवा प्रबंधन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने के लिए ड्रग इन्वेंटरी मैनेजमेंट सिस्टम प्रारंभ किया गया है। इस सिस्टम के माध्यम से दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक स्थिति, वितरण और उपयोग संबंधी सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध होंगे, जिससे प्रबंधन सरल, आधुनिक और त्रुटिरहित बनेगा। यह कदम आयुष सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगा
हरियाणा सरकार राज्य में आयुष सेवाओं को अधिक सशक्त, पारदर्शी, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाने के लिए बड़े और ठोस कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज आयुष क्षेत्र में व्यापक सुधार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और विश्वसनीय उपचार उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि निदेशालय आयुष, हरियाणा द्वारा राज्यभर के सभी आयुष स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की आपूर्ति को पूर्णतया सुचारू और व्यवस्थित रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी संस्थान में दवाओं की कमी न हो—इसके लिए वितरण प्रणाली को मजबूत किया गया है।
आरती सिंह राव ने बताया कि पूरे हरियाणा की योगशालाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी पंचायती राज संस्थाओं को विस्तृत दिशा-निर्देशों सहित पत्र जारी किए गए हैं।
इसके परिणामस्वरूप राज्यभर की योगशालाओं में प्रतिदिन निर्धारित योग दिनचर्या का पालन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग नियमित योगाभ्यास से लाभान्वित हो रहे हैं।
समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी है और सकारात्मक बदलाव स्पष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता का भी मार्ग है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। यह विश्वविद्यालय आयुष पद्धति की उच्च स्तरीय शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक अवसंरचना और उन्नत शैक्षणिक व्यवस्था के साथ यह विश्वविद्यालय हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में आयुष शिक्षा के लिए नई पहचान स्थापित करेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा में आयुष सेवाएं अधिक सुलभ, सक्षम और प्रभावी हों—और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
…….
सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया -श्रुति चौधरी
संस्कारों की कुंजी हैं बुजुर्ग- श्रुति चौधरी
चण्डीगढ, 15 नवंबर – हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि हमें हमेशा बुजुर्गों की सेवा करनी चाहिए। बुजुर्ग संस्कारों की कुंजी होते हैं। बुजुर्गों से ही हमारे अंदर संस्कार आते हैं। बुजुर्गों के पास जीवन का बहुत लंबा अनुभव होता है, जिससे हमें मार्गदर्शन मिलता है।
श्रीमती श्रुति चौधरी तोशाम विधानसभा क्षेत्र के गांव राजपुरा खरकड़ी में सजग भारत चौरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना दिवस एवं चौधरी सुरेंद्र सिंह के जन्म दिवस पर सजग भारत वृद्ध आश्रम का शिलान्यास करने के उपरांत ग्रामीणों को संबोधित कर रहीं थी।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री ने कहा कि बुजुर्ग हमारे जीवन में रोशनी लाने का काम करते हैं। युवाओं को प्रतिदिन बुजुर्गों के पास बैठकर उनके जीवन से अनुभव लेना चाहिए। इससे बुजुर्गों का मन भी प्रसन्न होगा।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 560 से अधिक रियासतों को समाप्त करके भारत को एकता के सूत्र में पिरोया। देश की एकता और अखंडता उनके लिए सर्वोपरि थी। उन्होंने कहा कि युवाओं को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होना चाहिए और सरदार पटेल से विचारों से प्रेरणा लेना चाहिए। आज युवाओं की वजह से ही भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है। भारत का युवा सबसे अधिक प्रतिभावान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का प्रयास है कि देश का हर युवा उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों के जीवन संघर्ष के बारे में जाने, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन कुर्बान किया है। इसी के चलते पूरे देशभर में एकता पदयात्रा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
