नववर्ष पर जीवन बचाने से बड़ा कोई तोहफा नहीं” – महेश हिंदू

अब जन्मदिन पर पौधारोपण के साथ हेलमेट वितरण भी जरूरी” – राकेश कुमार सुखवारिया

फरीदाबाद.02 जनवरी।
वंदना.

नारायणी गौ माता संरक्षण सोसाइटी के प्रधान एवं गौ भक्त महेश हिंदू ने अपना जन्मदिन समाज के नाम समर्पित करते हुए एक मिसाल कायम की। उन्होंने ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ के तहत फरीदाबाद के बाटा फ्लाईओवर के पास ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
शहर में लगातार चल रही इस विशेष मुहिम का उद्देश्य बिना हेलमेट बाइक व स्कूटी चलाने वालों को न केवल हेलमेट उपलब्ध कराना है, बल्कि उन्हें यह भी समझाना है कि एक हेलमेट सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी बचाता है।
इस अवसर पर महेश हिंदू ने कहा,“नववर्ष के मौके पर जीवन रक्षा से बड़ा कोई तोहफा नहीं हो सकता। अगर मेरे जन्मदिन पर किसी की जान बच सकती है, तो इससे बड़ा सौभाग्य क्या होगा।”
‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ के आयोजक राकेश कुमार सुखवारिया ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस तरह जन्मदिन, एनिवर्सरी या खास मौकों पर पौधारोपण किया जाता है, उसी तरह हेलमेट वितरण को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में मौजूद इंस्पेक्टर सविता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक अभियान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के लोकप्रिय ‘ट्रैफिक ताऊ’ ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी और हेलमेट पहनने का महत्व समझाया।
इस कार्यक्रम में नारायणी माता संरक्षण समिति की टीम के साथ-साथ मीडिया हाउस की ओर से उमा शर्मा, अरविंद बक्शी, रविंद्र पाल सिंह, राकेश मौर्य, देवेंद्र सिंह और गुंजन नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल एक जन्मदिन का उत्सव था, बल्कि जिंदगी बचाने का संकल्प भी, जिसने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *